देहरादून।
राजधानी में ज़मीन विवाद के मामले में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक युवक को कथित तौर पर बंधक बनाकर उससे पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बंधक बनाए गए युवकों को सकुशल छुड़ा लिया गया।
जानकारी के अनुसार रिहान पुत्र लियाकत निवासी परवल ने थाने में तहरीर दी कि उसकी पुश्तैनी भूमि सिंधनीवाला में है। जब वह भूमि पर बाउंड्री करने का कार्य कर रहा था तो आस-पड़ोस के लोगों ने आपत्ति जताते हुए विवाद खड़ा कर दिया। इसी बीच एक परिचित ने उसका संपर्क सोनू मूंछ, जोन्टी, केडी आदि युवकों से कराया गया, जिन्होंने मदद का आश्वासन दिया।
तहरीर में आरोप है कि 29 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे सोनू मूंछ ने अपने साथियों सलमान खान पुत्र असलम निवासी परवल, रोहित ताजवर सिंह, गणेश राणा, जोन्टी और आशू केडी के साथ मिलकर उसे व उसके साथी असद को रिस्पना पुल स्थित अपने ऑफिस में बुलाया। वहां पहुंचते ही सभी ने मिलकर दोनों को घेर लिया और जबरन बंधक बना लिया। आरोपियों ने धमकी दी कि वे उसे तभी छोड़ेंगे जब पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। मना करने पर आरोपियों ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी और गाली-गलौज शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि मौका पाकर रिहान का साथी असद किसी तरह वहां से भाग निकला और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को सकुशल छुड़ाया। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

More Stories
कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी प्रकरण पर सीएम धामी की पहल, बोले- खुद करूंगा बात
उत्तराखंड में MBBS दाखिलों पर उठे सवाल, 770 अभ्यर्थियों के मूल निवास प्रमाणपत्रों की जांच की मांग
त्योहारों से पहले FDA की छापेमारी, एडीज बेकरी से केक-क्रीम के सैंपल लिए; तमटारा कैफे पर मुकदमे की तैयारी