August 14, 2026

ऋषिकेश में गैस घोटाले का खुलासा, 135 कमर्शियल सिलेंडर जब्त

Share now

होम डिलीवरी की शिकायतों के बीच प्रशासन का छापा, कालाबाजारी पर कड़ा प्रहार

देहरादून/ऋषिकेश

जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर गठित क्यूआरटी टीमों ने क्षेत्रवार निरीक्षण अभियान चलाया, जिसके तहत ऋषिकेश में एक दुकान से 135 व्यावसायिक सिलेंडर बरामद किए गए। मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में पूरे जिले में गैस एजेंसियों की निगरानी तेज कर दी गई है। क्यूआरटी टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की जांच की, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।

इधर, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा कंट्रोल रूम से लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। आम जनता की शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम 5 बजे तक गैस आपूर्ति से जुड़ी कुल 35 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

जिला खाद्य पूर्ति विभाग के अनुसार, आज जिले में लगभग 12,004 घरेलू उपभोक्ताओं और 136 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडरों में करीब 75 हजार का बैकलॉग बना हुआ है। प्रशासन का दावा है कि एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और मांग के अनुसार आपूर्ति बढ़ाने के लिए संबंधित कंपनियों को निर्देश दे दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की कालाबाजारी और अनियमितताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।