July 6, 2026

टनकपुर से तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ तक चलेगी सीधी साप्ताहिक एक्सप्रेस

Share now

मुख्यमंत्री धामी के प्रयासों से मिली नई रेल सेवा, सीमांत क्षेत्र और सिख श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात

देहरादून/खटीमा।

उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों के लोगों और सिख श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से टनकपुर से तख्त श्री हजूर साहिब, नांदेड़ तक सीधी साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी मिल गई है। यह नई रेल सेवा धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी बड़ी सुविधा साबित होगी।

नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ 6 जुलाई को टनकपुर रेलवे स्टेशन से केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह द्वारा किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन का नियमित संचालन 14 जुलाई से शुरू होगा।

साप्ताहिक होगी रेल सेवा

नई एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को नांदेड़ से रवाना होकर अकोला, इटारसी, भोपाल, ग्वालियर, झांसी, आगरा, मथुरा और बरेली होते हुए मंगलवार सुबह 5:55 बजे टनकपुर पहुंचेगी।

वहीं, मंगलवार सुबह 9:00 बजे टनकपुर से रवाना होकर यह ट्रेन बुधवार शाम 4:30 बजे नांदेड़ पहुंचेगी।

खटीमा स्टेशन पर भी होगा ठहराव

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस ट्रेन का खटीमा रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव सुनिश्चित किया गया है। ट्रेन सुबह 9:26 बजे खटीमा पहुंचेगी और 9:29 बजे आगे के लिए रवाना होगी। हालांकि, रेलवे की आधिकारिक समय-सारिणी में इस ठहराव का अद्यतन किया जाना अभी शेष है।

सीमांत क्षेत्र और श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ

लंबे समय से सीमांत क्षेत्र के लोगों, विशेषकर सिख समुदाय, की ओर से तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी। नई ट्रेन के संचालन से उत्तराखंड के श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा के लिए सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा। साथ ही मध्य भारत और महाराष्ट्र की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

भाजपा नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस नई रेल सेवा को सीमांत क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस रेल सेवा से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का नया विकल्प उपलब्ध होगा।