September 19, 2026

देहरादून में दो घरों में घुसकर मारपीट, परिवारों ने दर्ज कराई शिकायत

Share now

माजरा में युवक का हाथ फ्रैक्चर होने का दावा, चुखुवाला में गर्भवती महिला से धक्का-मुक्की का आरोप; दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज

देहरादून: राजधानी देहरादून में घरों में घुसकर परिवारों के साथ मारपीट के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। माजरा और चुखुवाला में हुई घटनाओं को लेकर पीड़ित परिवारों ने संबंधित कोतवाली में तहरीर दी। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

माजरा में घर में घुसकर मारपीट का आरोप

पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के माजरा निवासी प्रेम कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। शिकायत के मुताबिक, मारपीट में परिवार के एक सदस्य के हाथ में फ्रैक्चर हुआ, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आईं।

शिकायतकर्ता ने घर में रखे दो मोबाइल फोन तोड़े जाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी इससे पहले भी रात के समय दो बार घर में घुसकर मारपीट कर चुके हैं और उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 324(2) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई सर्वेश कुमार कर रहे हैं।

चुखुवाला में परिवार से मारपीट, गर्भवती महिला से धक्का-मुक्की

दूसरा मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के चुखुवाला का है। यहां तन्नू ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 15 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे कई लोग उनके घर में घुस आए। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

पीड़ित पक्ष ने कई लोगों के घायल होने और मारपीट के दौरान कपड़े फटने का भी आरोप लगाया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घर में मौजूद गर्भवती महिला के साथ धक्का-मुक्की की गई। परिवार की ओर से घटना का वीडियो मौजूद होने की बात भी पुलिस को बताई गई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एसआई ज्योति पंवार कर रही हैं।

वीडियो और साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस

एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि दोनों मामलों में संबंधित कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस शिकायतों के साथ उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।