November 6, 2026

फायर एनओसी के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने वाला अग्निशमन अधिकारी गिरफ्तार

Share now

लैंसडाउन के होटल संचालक से छह हजार रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ा, सतर्कता विभाग की ट्रैप टीम ने की कार्रवाई

देहरादून। पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन स्थित एक होटल की फायर एनओसी जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में सतर्कता विभाग ने अग्निशमन अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को शिकायतकर्ता से छह हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी की पहचान भूपेश त्यागी के रूप में हुई है, जो फायर स्टेशन कोटद्वार में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के पद पर तैनात था।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने लैंसडाउन स्थित अपने होटल के लिए फायर एनओसी जारी कराने को आवेदन किया था। आरोप है कि इस प्रक्रिया के बदले भूपेश त्यागी ने उससे 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। इससे परेशान होकर होटल संचालक ने सतर्कता विभाग से शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने गोपनीय जांच कराई। जांच में आरोपों से संबंधित मामला ट्रैप कार्रवाई के योग्य पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया।

इसके बाद 4 नवंबर 2026 को सतर्कता सेक्टर देहरादून की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। इस दौरान लीडिंग फायरमैन और प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को शिकायतकर्ता से छह हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

सतर्कता विभाग की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Trending News