देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। कुमाऊं मंडल के बागेश्वर जिले के पोसारी गांव में भूस्खलन से एक भवन ध्वस्त हो गया, जिसमें दबकर पांच लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन और बचाव दल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और जगह-जगह भूस्खलन से सड़कें बाधित हो गई हैं। श्री नगर के पास अलकनंदा नदी का पानी बदरीनाथ राजमार्ग तक पहुंच गया है। वहीं उत्तरकाशी में गंगोत्री व यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है। फटा के पास केदारनाथ हाईवे मलबा आने से बंद हो गया है।
कुमाऊं में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। हल्द्वानी से भीमताल को जोड़ने वाला मार्ग रानीबाग के पास बंद हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच, अपुष्ट सूत्रों के अनुसार खटीमा में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत की खबर भी सामने आई है।
लगातार बारिश के चलते प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जोखिम वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

More Stories
उत्तराखंड में कल से कांग्रेस की न्याय यात्रा, 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव
उत्तराखंड पुलिस में 1,600 पदों पर जल्द होगी भर्ती, थानों का बजट दोगुना कर ₹8 करोड़ करेगी धामी सरकार
अजित डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी के समर्थन में उतरे हरीश रावत, बोले- इसे उत्तराखंड के सम्मान से जोड़ना नासमझी