September 6, 2026

भिलंगना में मूसलाधार बारिश से भिगुन गांव में भूस्खलन का खतरा, मोटर मार्ग बंद

Share now

टिहरी गढ़वाल। भिलंगना विकासखंड के भिगुन गांव में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से हालात गंभीर हो गए हैं। बारिश के चलते जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है और पहाड़ी से मलबा व भारी बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है। गांव को जोड़ने वाला मोटर मार्ग पूरी तरह बंद होने से ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो गई है।

भूस्खलन के चलते गांव के कई मकान भी खतरे की जद में आ गए हैं। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्रीय पटवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुरक्षात्मक कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, बंद मोटर मार्ग को जल्द खोलने और खतरे की जद में आए परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है।

भू-सर्वेक्षण कराएगी विशेषज्ञ टीम: अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि घनसाली क्षेत्र से लगातार बारिश के कारण लैंडस्लाइडिंग की सूचना मिली है। एसडीएम की ओर से भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण की संस्तुति की गई है। जल्द ही विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंचकर भू-सर्वेक्षण करेगी और स्थिति का आकलन करेगी।