August 27, 2026

नेपाल में बाढ़ के बाद चम्पावत में अलर्ट, शारदा नदी पर SDRF की निगरानी तेज

Share now

देहरादून/चम्पावत। नेपाल में भारी वर्षा और भीषण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सीमावर्ती जनपद चम्पावत में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित खतरे को देखते हुए SDRF की टनकपुर पोस्ट को हाई अलर्ट पर रखा गया है। टीम को शारदा नदी और बैराज क्षेत्र में लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

शारदा नदी के संवेदनशील इलाकों में गश्त

सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशों के क्रम में SDRF टनकपुर की टीम शारदा नदी के संवेदनशील तटीय क्षेत्रों, शारदा घाट, शारदा बैराज और आसपास के इलाकों में लगातार गश्त कर रही है। टीम नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव और संभावित खतरे पर नजर बनाए हुए है।

SDRF ने स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की लगातार जानकारी जुटाई जा रही है।

स्थानीय लोगों और यात्रियों को किया जागरूक

SDRF टीम ने शारदा घाट और निचले इलाकों में पहुंचकर स्थानीय निवासियों, यात्रियों तथा मछुआरों को नदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को लेकर जागरूक किया। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के तेज बहाव और तटीय क्षेत्रों के समीप जाने से बचें।

टीम ने विशेष रूप से बच्चों और पशुओं को नदी किनारे नहीं जाने देने की अपील की है।

24 घंटे रेस्क्यू के लिए तैयार SDRF

सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी ने टीम को शारदा नदी और बैराज क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलस्तर में होने वाले प्रत्येक बदलाव पर नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन तथा संबंधित विभागों के साथ तत्काल समन्वय कर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जाए।

SDRF की टीम आवश्यक जीवनरक्षक और रेस्क्यू उपकरणों के साथ 24 घंटे मुस्तैद है।

प्रशासन ने भी जारी किए सुरक्षा निर्देश

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और आपसी समन्वय के साथ शारदा नदी के जलस्तर तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

SDRF ने आमजन से अपील की है कि उफनती नदियों, शारदा घाट, बैराज और नदी के तटीय इलाकों से दूरी बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।