मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण और अवसान तिथि नहीं मिलने पर दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई, देहरादून, विकासनगर, हरबर्टपुर और ऋषिकेश में हुआ निरीक्षण
देहरादून। त्योहारों के मद्देनजर मिठाइयों और बेकरी उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और खाद्य गुणवत्ता से जुड़ी अनियमितताओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग की टीमों ने देहरादून नगर निगम क्षेत्र, विकासनगर, हरबर्टपुर और ऋषिकेश में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर नियमों की जांच की। इस दौरान मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण और अवसान तिथि अंकित नहीं पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू की गई। वहीं, गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर घी और विभिन्न मिठाइयों के कुल नौ विधिक नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजे गए हैं।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह की टीम ने बंजारावाला, मथुरावाला और आसपास के क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ओम पाल स्वीट्स एवं डेयरी में मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण और अवसान तिथि अंकित नहीं मिली। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई शुरू कर दी। टीम ने संदेह के आधार पर घी और मिठाइयों के तीन नमूने भी लिए।
वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने विकासनगर और हरबर्टपुर क्षेत्र में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। हरबर्टपुर में एक दुकान पर मिठाइयों की ट्रे में निर्धारित तिथियां अंकित नहीं मिलने पर दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। इसके अलावा अशोक बेकर्स से रसगुल्ला और पेड़ा के दो नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

ऋषिकेश में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह की टीम ने वीरभद्र रोड, तिलक रोड और आसपास के क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों की जांच की। इस दौरान बेसन के लड्डू, मिल्क केक, पेड़ा और ड्राई फ्रूट स्वीट्स के चार नमूने लिए गए। इस तरह जिलेभर में की गई कार्रवाई के दौरान कुल नौ नमूने एकत्र किए गए हैं। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेज दिया गया है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून मनीष सयाना ने बताया कि मिठाई और बेकरी संचालकों को खुले में बिक्री के लिए रखी मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को मिठाइयों की ताजगी और उनके इस्तेमाल की समय-सीमा की सही जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई जा रही है।
आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने कहा कि त्योहारों के दौरान प्रदेशवासियों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। मिलावट और खाद्य गुणवत्ता से जुड़ी अनियमितताओं पर नियंत्रण के लिए प्रदेशभर में विशेष निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित जांच करने और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मिठाई और बेकरी संचालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।
विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

More Stories
केदारताल ट्रैक पर चौथे दिन सर्च ऑपरेशन में मिले दो शव, बर्फ में दबा टेंट भी बरामद
हल्द्वानी में बनेगा हाईकोर्ट का स्थायी परिसर! सीएम धामी ने केंद्रीय वन मंत्री से की मुलाकात, वन भूमि हस्तांतरण पर चर्चा
खटीमा में 14.97 करोड़ से चौड़ी होगी सड़क, जाम से मिलेगी राहत; सीएम धामी ने किया भूमि पूजन