May 29, 2026

ऋषिकेश में बड़ा हादसा: गंगा में नहाते समय मेरठ के दो पर्यटक बहे, तलाश जारी

Share now

ऋषिकेश:

उत्तराखंड के ऋषिकेश में घूमने आए पर्यटकों के साथ एक बड़ा हादसा हो गया है। यहाँ सिंगटाली झूला पुल के पास गंगा नदी में नहाने के दौरान मेरठ से आए एक ग्रुप के दो सदस्य नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद से ही इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

घूमने आया था हुंडई शोरूम का स्टाफ

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित ‘दास हुंडई शोरूम’ में काम करने वाले छह कर्मचारियों का एक समूह छुट्टी बिताने के लिए ऋषिकेश आया था। शुक्रवार को यह सभी लोग सिंगटाली बाजार में अपनी कार खड़ी कर झूला पुल पार करके नीचे गंगा किनारे स्नान करने पहुंचे थे।

संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा

नदी में नहाने के दौरान अचानक एक महिला और एक पुरुष का संतुलन बिगड़ गया। इससे पहले कि उनके साथी कुछ समझ पाते, दोनों नदी के बेहद तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते गंगा की लहरों में लापता हो गए।

लापता पर्यटकों की पहचान:

ऋतु (30 वर्ष): पत्नी वांशिक माहेश्वरी, निवासी मेरठ।

नरेश उपाध्याय (42 वर्ष): निवासी जागेठी गांव, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ।

SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की ढालवाला और ब्यासी टीमें तुरंत रेस्क्यू टूल्स के साथ मौके पर पहुंचीं और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

एसडीआरएफ निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि नदी का बहाव तेज है। डीप डाइवर्स (गहरे पानी के गोताखोरों) की मदद से नदी की गहराइयों में लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन फिलहाल लापता दोनों व्यक्तियों का कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस प्रशासन द्वारा घटना की जानकारी मेरठ में रह रहे उनके परिजनों को दे दी गई है।