देहरादून। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले मंगलवार को बड़ी संख्या में युवाओं ने विभिन्न लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर सचिवालय कूच किया। प्रदर्शनकारी पहले परेड ग्राउंड में एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए सचिवालय की ओर बढ़े। हालांकि, सुभाष रोड पर पहले से तैनात पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इससे नाराज बेरोजगार सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के माध्यम से सहायक अभियंता (AE) और कनिष्ठ अभियंता (JE) भर्ती का विज्ञापन शीघ्र जारी करने, लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को तत्काल शुरू करने, उत्तराखंड पुलिस में 1500 पदों पर भर्ती विज्ञप्ति जारी करने तथा महिला पुलिस कांस्टेबल के 400 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग उठाई।
उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं को 60 हजार सरकारी भर्तियां देने का वादा किया था, लेकिन अब तक यह वादा पूरा नहीं हुआ है। उनका आरोप था कि लगातार भर्ती प्रक्रियाओं में देरी के कारण प्रदेश के युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार समय पर भर्तियों के विज्ञापन जारी करती, तो युवाओं को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने की आवश्यकता नहीं पड़ती। कंडवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश के युवाओं की उपेक्षा की जा रही है, जबकि अन्य राज्यों के युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान बेरोजगार संघ ने दिल्ली में युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज की भी निंदा की और सरकार से भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाकर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।

More Stories
मंदिर समिति विवाद गरमाया: हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस पर जांच प्रभावित करने का लगाया आरोप
कांवड़ यात्रा 2026: श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग, यात्रा मार्ग पर 24 घंटे मिलेंगी चिकित्सा सेवाएं
हरिद्वार डबल मर्डर मिस्ट्री: पथरेश्वर महादेव मंदिर के दो साधुओं के शव जंगल में दफन मिले, मुख्य पुजारी समेत कई संदिग्ध फरार