विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी नाराज़, मुख्य सचिव ने मांगा जवाब
परेड ग्राउंड कार्यक्रम में प्रोटोकॉल की अनदेखी: विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी नाराज़, मुख्य सचिव ने मांगा जवाब
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में एक बड़ी चूक सामने आई है। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी को मंच पर उचित प्रोटोकॉल नहीं दिए जाने से वे बेहद नाराज़ बताई जा रही हैं। इस लापरवाही को लेकर विधानसभा सचिवालय ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को पत्र भेजा है, जिसमें प्रोटोकॉल के उल्लंघन और स्पीकर की अप्रसन्नता से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
मुख्य सचिव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सचिव सूचना शैलेश बगोली और जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल से इस चूक पर तत्काल जवाब तलब किया है। सवाल यह उठ रहा है कि जब विधानसभा अध्यक्ष को समारोह का निमंत्रण दिया गया था, तो फिर मंच पर उनके बैठने की समुचित व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
यह पहली बार नहीं है जब देहरादून जनपद में इस प्रकार की प्रोटोकॉल संबंधित चूक हुई है। इससे पहले भी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के दौरे के समय प्रोटोकॉल में खामी की बात सामने आई थी।देहरादून जिले में लगातार इस तरह की घटनाएं उत्तराखंड की प्रशासनिक व्यवस्था और प्रोटोकॉल पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
स्वतन्त्रता दिवस के उपलक्ष्य में परेड ग्राउन्ड, देहरादून में आयोजित समारोह में अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ मा० अध्यक्ष, विधान सभा, उत्तराखण्ड को भी आमन्त्रित किया गया है।
प्रथम दृष्ट्या स्पष्ट है कि मा० अध्यक्ष, विधान सभा के बैठने हेतु उनकी गरिमा का उचित ध्यान नहीं रखा गया है, यह खेद का विषय है। मा० अध्यक्ष, विधान सभा का पद संवैधानिक पद है, और यह विचाराधीन बैठने की व्यवस्था इस पद की अवमानना है। मा० अध्यक्ष, विधान सभा ने इस पर अप्रसन्नता प्रकट की है।
आपके स्तर से इस सम्बन्ध में उचित कार्यवाही अपेक्षित है।

More Stories
दिव्यांशु हत्याकांड पर देहरादून में किसानों का प्रदर्शन, टिकैत बोले—इंसाफ चाहिए
एनडीएमए और यूएसडीएमए ने चारधाम यात्रा के लिए कसी कमर
Skill India 2025–26: 3D Digital Game Art में अक्षज पटानी ने नेशनल में जीता सिल्वर