August 24, 2026

शराब के नशे में पत्नी की बेरहमी से पिटाई, मौत; आरोपी पति फरार, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

Share now

हल्द्वानी/नैनीताल। नैनीताल जिले के दूरस्थ ओखलकांडा ब्लॉक के तल्ला ओखलकांडा में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मजदूरी से लौटे पति ने शराब के नशे में पत्नी से विवाद के बाद उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। मृतका अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई है।

विवाद के बाद पत्नी से की मारपीट

पुलिस के अनुसार, ओखलकांडा निवासी 36 वर्षीय भीम सिंह उर्फ मोनू 21 अगस्त की रात मजदूरी करने के बाद घर पहुंचा था। आरोप है कि वह शराब के नशे में था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपनी 28 वर्षीय पत्नी डिंकी देवी से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पति ने कथित तौर पर पत्नी के साथ मारपीट की।

मारपीट में डिंकी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

बेटे ने पड़ोसियों को दी जानकारी

घटना का पता तब चला जब दंपती के बेटे ने पड़ोसियों को बताया कि उसकी मां सुबह से उठ नहीं रही है। जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही खनस्यूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

22 अगस्त को पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

आरोपी की तलाश में तीन टीमें गठित

एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा के अनुसार, पत्नी की हत्या की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए पंपलेट के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

डिंकी देवी की मौत के बाद उसके चार छोटे बच्चे मां के साए से वंचित हो गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक भीम सिंह मजदूरी करता था और शराब का आदी बताया जाता है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के साथ घटना के पीछे के पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।