10 रुपये में दुकान से खरीदा था चाकू, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया; आत्मघाती कदम उठाने की वजह तलाश रही पुलिस
रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में सोमवार को गणेश चौक के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने बाजार से महज 10 रुपये में चाकू खरीदने के बाद अपनी गर्दन पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। सड़क पर खून से लथपथ युवक को देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली की जनता मजदूर कॉलोनी निवासी अरमान रुड़की रेलवे स्टेशन की ओर से गणेश चौक की तरफ जा रहा था। तुलसी हॉस्पिटल के पास पहुंचने के बाद उसने एक दुकान से चाकू खरीदा और कुछ ही देर बाद उसी चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर लिया। गंभीर रूप से घायल होकर वह सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को पुलिस वाहन से रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, युवक ने बाजार में चाकू खरीदने के बाद खुद को घायल किया है। हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस युवक के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
एसएसआई दीप कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया है। युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।

More Stories
कल राज्य के पांच जनपदों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, 27 सितम्बर को 04 जनपदों के लिए रेड अलर्ट जारी
बदरीनाथ धाम में सेना के सांस्कृतिक महोत्सव पर विवाद, आयोजन के स्वरूप पर उठे सवाल
पीएमजीएसवाई ने बदली पहाड़ की तस्वीर, उत्तराखंड में 21,915 किमी सड़कों का बिछा जाल